CBSE 10th Result 2026 Declared : सीबीएसई 10वीं बोर्ड के परीक्षा परिणामों ने इस बार जिले की प्रतिभा का लोहा मनवा दिया है। जनपद के होनहारों ने अपनी मेधा और कड़े परिश्रम से सफलता की एक नई इबारत लिखी है। जिले के टॉप थ्री स्थानों पर कब्जा जमाने वाले इन सितारों ने न केवल अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि अगर इरादे फौलादी हों, तो कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं है। पूरे जिले में इस स्वर्णिम सफलता को लेकर जश्न और उल्लास का माहौल है।
सफलता के शिखर पर अंशुमन, दक्ष और अग्रिम
जिले की मेरिट सूची में 99.4 प्रतिशत अंकों के साथ दिल्ली पब्लिक स्कूल के अंशुमन हरि गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. आदित्य हरि गुप्ता और डॉ. पूनम गुप्ता के पुत्र अंशुमन ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों और माता-पिता को दिया है। वे भविष्य में डॉक्टर बनकर मानवता की सेवा करना चाहते हैं।
वहीं, ब्लूमिंगडेल स्कूल के मेधावी छात्र दक्ष प्रकाश गुप्ता ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर जनपद में दूसरा स्थान हासिल किया। मोहल्ला टिकटगंज निवासी दक्ष के पिता प्रतीश गुप्ता व्यवसायी और माता सारिका गुप्ता गृहिणी हैं। स्कूल निदेशक ज्योति मेंदीरत्ता ने दक्ष का मुंह मीठा कराकर उन्हें सम्मानित किया। दक्ष का मानना है कि निरंतरता ही सफलता की असली कुंजी है। इसी कड़ी में, बदायूं के रहने वाले और टिथोनस इंटरनेशन के छात्र अग्रिम दीक्षित 98.6 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।
इन तीनों ही मेधावियों में एक बात समान रही इनका अनुशासन और सोशल मीडिया की चकाचौंध से दूर रहकर पढ़ाई पर फोकस करना। वर्तमान में इन तीनों घरों पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की बारिश हो रही है। इन युवाओं की उपलब्धि ने जनपद के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा की एक नई मशाल जला दी है।

0 टिप्पणियाँ